Maharajganj Times

वन स्टाफ सेंटर की सुरक्षा में सेंध! लड़की के फरार होने से मचा हड़कंप, CCTV खंगाल रही पुलिस

Maharajganj
Saturday, 15 Aug, 2026
0
615

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  जिले के वन स्टाफ सेंटर से एक लड़की के अचानक फरार होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। लड़की को पुलिस ने बृजमनगंज थाना क्षेत्र से रिकवर किया था। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया के तहत उसे महराजगंज स्थित वन स्टाफ सेंटर लाया गया था। सेंटर में रहने के दौरान ही वह अचानक वहां से निकल गई। लड़की के फरार होने की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लड़की सेंटर से किस समय और किस रास्ते से बाहर निकली और उसके बाद वह किस दिशा में गई। घटना के बाद वन स्टाफ सेंटर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के जरिए लड़की के सेंटर से बाहर निकलने और उसके बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। संभावित रास्तों और आसपास के स्थानों पर भी पुलिस टीम तलाश कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीपीओ छमा नंद राय और सदर सीओ अंकुर गौतम वन स्टाफ सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली और सेंटर में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही लड़की की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई। फिलहाल पुलिस का प्राथमिक लक्ष्य लड़की को सकुशल बरामद करना है। इसके साथ ही सेंटर से उसके फरार होने की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी